हरिद्वार कोतवाली परिसर में उस वक्त स्थिति अजीबोगरीब हो गई जब एक दूसरे पर मारपीट का आरोप लगाते हुए थाने पहुंचे दो पक्ष एक राय होकर उल्टा पुलिस से ही उलझ गए। व्यापारी वर्ग और पुलिस के बीच लात घूंसे चले व जमकर धक्का मुक्की हुई। पुलिस ने फिर लाठियां फटकार कर भीड़ को दूर तक खदेड़ा। देर रात मामला सुलटा लिया गया।
पूरा मामला बुधवार देर रात का है। अपर रोड पर दो पक्ष आपस में उलझ गए थे। अलग-अलग दो स्थान पर दोनों पक्षों में मारपीट भी हुई। एक दूसरे पर गंभीर आरोप लगाते हुए दोनों ही पक्ष कोतवाली पहुंच गए। आरोप है कि एक दारोगा ने दोनों पक्षों से अभद्रता कर दी। फिर क्या था दोनों पक्ष आपस का झगड़ा भूलकर उल्टा पुलिस से उलझ गए। दारोगा और दो सिपाहियों से उनकी धक्का मुक्की हुई और लात घूंसे भी चल गए। हंगामा होने पर पुलिसकर्मी एकत्र हो गए। फिर पुलिसकर्मियों ने हंगामा कर रही भीड़ को लाठियां फटकार कर कोतवाली से बाहर खदेड़ दिया।
एक पक्ष की अगुवाई कर रहे पार्षद ने मेन रोड पर हंगामा खड़ा कर दिया। इसी बीच पूर्व पालिकाध्यक्ष सतपाल ब्रह्मचारी, संजीव नैय्यर समेत अनेक व्यापारी पहुंच गए। इधर, कोतवाली प्रभारी अनिल जोशी भी आ धमके। करीब एक घंटे तक चले आरोप-प्रत्यारोप के बाद मामला सुलट गया। कोतवाली प्रभारी अनिल जोशी ने बताया कि किसी भी पक्ष ने एक दूसरे के खिलाफ शिकायत नहीं की है।