एसएमजेएन (पीजी) कॉलेज में गर्भाशय ग्रीवा कैंसर जागरूकता पर व्याख्यान आयोजित
माई सिटी रिपोर्टर
हरिद्वार। एसएमजेएन (पीजी) कॉलेज में बुधवार को गर्भाशय ग्रीवा (सर्वाइकल) कैंसर जागरूकता पर एक व्याख्यान आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम इनर व्हील क्लब, हरिद्वार के सहयोग से छात्राओं के लिए हुआ। इसका मुख्य उद्देश्य छात्राओं को सर्वाइकल कैंसर से बचाव, समय पर जांच और एचपीवी टीकाकरण के प्रति जागरूक करना था।
प्राचार्य प्रो. सुनील कुमार बत्रा और मुख्य वक्ता डॉ. नीता मेहरा ने कहा कि स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता ही गंभीर बीमारियों से बचाव का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने छात्राओं से निवारक स्वास्थ्य सेवाओं को अपनी दिनचर्या में अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने यह भी कहा कि महिला सशक्तीकरण तभी संभव होगा जब महिलाओं की समस्याओं के समाधान के लिए जागरूक होंगे।
अधिष्ठाता छात्र कल्याण डॉ. संजय माहेश्वरी ने अतिथियों का स्वागत किया। मुख्य वक्ता डॉ. नीता मेहरा ने सर्वाइकल कैंसर के लक्षणों, कारणों और एचपीवी वैक्सीन की उपयोगिता पर विस्तृत जानकारी दी।
कार्यक्रम में एक प्रश्नोत्तरी सत्र भी हुआ। इसमें डॉ. ज्योति और डॉ. अमिता मल्होत्रा के प्रश्नों का डॉ. नीता मेहरा ने विस्तार से समाधान किया। डॉ. मेहरा ने एचपीवी वैक्सीन की उपयोगिता के बारे में बताया। उन्होंने छात्राओं को इस जानकारी को समाज में फैलाने के लिए प्रोत्साहित किया। डॉ. रुचिता सक्सेना ने वक्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया।