I
I
I
Iवाहनों पर ढोए जाने वाले मावा व मिठाई की जांच के लिए चलाया अभियानI
दीपावली के त्योहार के मद्देनजर खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा चलाए जा रहे सैंपलिंग और चेकिंग अभियान में बुधवार को बड़ी कार्रवाई की गई। विभाग की टीम ने विभिन्न स्थानों से 65 किलोग्राम खराब रसगुल्ले और बर्फी नष्ट कराए। आरोपियों को नोटिस जारी कर मिठाई के सैंपल भी जांच के लिए भेजे गए हैं।
जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी एमएन जोशी के नेतृत्व में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिलीप जैन, योगेंद्र पांडेय, पवन कुमार और कैलाशचंद टम्टा की टीम ने सुमन नगर पुलिस चौकी पर मावा और मिठाई ले जा रहे वाहनों की जांच का अभियान चलाया। एक मोटरसाइकिल पर अब्दुर्रहमान (निवासी इक्कड़ खुर्द) को जंग लगे और गंदे टिन के कनस्तरों में लगभग 40 किलोग्राम खुला सफेद रसगुल्ला और 15 किलोग्राम गुलाब जामुन के साथ पकड़ा गया। यह 55 किलोग्राम मिठाई हरिद्वार और सराय की दुकानों पर सप्लाई होनी थी। टीम ने मौके पर ही 55 किलोग्राम मिठाई गड्ढा खुदवाकर नष्ट करा दी। निर्माण करने वाले आरोपी से नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया है।
डोडा बर्फी भी खराब मिली
एक अन्य कार्रवाई में मिठाई विक्रेता इकबाल (निवासी मुस्तफाबाद उर्फ पदार्था) अपनी मोटर साइकिल पर लोहे के जाले में डोडा बर्फी और मावा बर्फी बेचने के लिए ले जा रहा था। इनमें से दो डिब्बों में रखी लगभग 10 किलोग्राम डोडा बर्फी खराब पाई गई जिसे मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। यह मिठाई दौलतपुर गांव की दुकानों पर बेची जानी थी।
सैंपल जांच के लिए भेजे गए
टीम ने नष्ट किए गए सफेद रसगुल्ले और डोडा बर्फी का एक-एक सैंपल लेकर जांच के लिए रुद्रपुर स्थित प्रयोगशाला में भेज दिया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।