अपने जमाने की सुपरस्टार अभिनेत्री एवं मथुरा से भाजपा सांसद हेमा मालिनी ने सोमवार को यहां पहुंचकर अपने भाई के साथ मां गंगा की पूजा अर्चना की तथा मनोकामना पूरी होने के लिए मां गंगा से आशीर्वाद मांगा। हरिद्वार पहुंचने पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने हेमा मालिनी का जोरदार स्वागत किया। हेमा ने नोटबंदी के प्रधानमंत्री के फैसले का समर्थन किया। साथ ही गंगा और यमुना की निर्मलता के लिए काम करने के लिए संकल्प दोहराया।
ड्रीमगर्ल के रूप में ख्यात हेमामालिनी अपने भाई और अन्य परिजनों के साथ पहले हवाई मार्ग से जौलीग्रांट और फिर सड़क मार्ग से हाईवे स्थित होटल पार्क ग्रेड पहुंची। जहां भाजपा नेता ओमप्रकाश जमदग्रि की अगुवाई में पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। पत्रकारों से वार्ता करते हुए भाजपा सांसद ने कहा कि वह सांसद डा. रमेश पोखरियाल निशंक के बुलावे पर हरिद्वार आई हैं। यहां आकर उन्हें बहुत अच्छा लग रहा है। वे बार -बार हरिद्वार आना चाहेगी। हरिद्वार में गंगा और मथुरा में यमुना की स्वच्छता निर्मलता के लिए काम करने का संकल्प दोहराते हुए हेमा ने कहा कि हमें सभी को नदियों की स्वच्छता और निर्मलता के लिए काम करना चाहिए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नोटबंदी के फैसले का समर्थन करते हुए उन्होंने कहा कि यह बहुत ही बेहतर निर्णय है। तात्कालिक रूप से इससे परेशान होगी, लेकिन इसके दूरगामी परिणाम देशहित में आएंगे।
मां गांगा से लिया आशीर्वाद
हेमामालिनी नपे हरकी पैड़ी पहुंचकर मां गंगा की पूूजा अर्चना करके मनोकामना पूरी करने के लिए मां गंगा से आशीर्वाद लिया। कहा कि जब उनकी मनोकामना पूरी हो जाएंगी तब वे दोबारा मां गंगा का धन्यवाद करने के लिए आएंगी। पंडित निकुंज शर्मा, अवनीश सरैये ने पूजा अर्चना कराई। गंगा सभा के अध्यक्ष पुरुषोत्तम शर्मा गांधीवादी, प्रदीप झा, दुष्यंत झा, आशुतोष शर्मा, जितेंद्र विद्याकुल, मनीष पंचभैय्या, अनुज प्रधान, गोपाल प्रधान आदि ने उनका स्वागत किया। पूजा अर्चना के दौरान हेमा मालिनी को अपने बीच पाकर हरकी पैड़ी क्षेत्र में मौजूद श्रद्धालुओं में उनके साथ फोटो खिंचवाने की होड़ लग गई। पूजा अर्चना में देरी होने पर हेमामालिनी पंडित पर नाराज भी हुई। दस मिनट की बजाय आधा घंटा बीतने पर उनके तेवर तल्ख हुए। हालांकि फिर वह शांत हो गई।
महिला मोर्चा ने किया स्वागत
होटल में पहुंचने पर हेमा मालिनी का स्वागत करने के लिए पहले से भी भाजपा महिला मोर्चा की कई कार्यकर्ता मौजूद थीं। जिलाध्यक्ष रीता चमोली, पूर्व दर्जाधारी राज्यमंत्री कमलेश सिंघल की अगुवाई में कमला जोशी, रेणू शर्मा, मन्नू रावत, रीमा गुप्ता, अनामिका शर्मा, अश्वनी चौहान, ऋचा गौड़, सरोज जाखड़, तृप्ता, अंजलि, गीता भाटिया आदि ने हेमा मालिनी को बुके भेंट किए।