पथरी/हरिद्वार। स्वामी रामदेव के पतंजलि फूड पार्क स्थित मसाला फैक्ट्री में काम कर रहा एक कर्मचारी का हाथ मशीन में आ जाने के कारण गंभीर रूप से घायल हो गया। अस्पताल ले जाने पर उसे मृत घोषित कर दिया गया।
घटनाक्रम के अनुसार लक्सर क्षेत्र में रायसी के पास स्थित ग्राम नंदपुर निवासी मोनू (21) पुत्र बाबूराम ठेका प्रथा के तहत पतंजलि फूड पार्क की मसाला फैक्ट्री में काम करता था। शाम के समय उसका हाथ मशीन में आ जाने के कारण वह गंभीर रूप से घायल हो गया। मोनू के चीखने की आवाज सुनकर आसपास के कर्मचारी दौड़े। अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और घायल कर्मचारी को कनखल स्थित मैक्सवेल अस्पताल ले जाया गया। चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। थानाध्यक्ष चंद्रभान सिंह अधिकारी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया है। थानाध्यक्ष ने बताया कि अभी तक कोई तहरीर इस बारे में नहीं दी गई है। उधर, फूड पार्क के कंपनी सेक्रेटरी राजकुमार पांडे ने बताया कि दुर्घटना के तुरंत बाद कंपनी की ओर से युवक को अस्पताल भिजवाया गया था तथा परिजनों को भी सूचना दे दी।