- मेला क्षेत्र का निरीक्षण करने के बाद सीसीआर में की समीक्षा बैठक
- अधीनस्थ अधिकारियों को अफवाह फैलाने वालों पर सख्ती के दिए निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
हरिद्वार। सोमवार को आईजी एसटीएफ निलेश आनंद भरणे और डीआईजी कानून व्यवस्था धीरेंद्र सिंह गुंज्याल ने हरिद्वार पहुंचकर मेला क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया। हरकी पैड़ी, बैरागी कैंप पार्किंग, चंडी चौक और शंकराचार्य चौक समेत विभिन्न स्थानों पर सुरक्षा, यातायात और भीड़ प्रबंधन का जायजा लिया। इस दौरान अधीनस्थ अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। साथ ही उत्कृष्ट ड्यूटी करने वाले पुलिसकर्मियों, अर्द्धसैनिक बल के जवानों और एसपीओ को मैन ऑफ द डे सम्मान से सम्मानित किया गया।
निरीक्षण के बाद दोनों अधिकारी मेला कंट्रोल रूम पहुंचे, जहां सीसीटीवी के माध्यम से शहर और ग्रामीण क्षेत्रों की व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। इसके बाद सुपर जोनल और जोनल पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर मौजूदा व्यवस्था की समीक्षा की गई और आगामी दिनों में श्रद्धालुओं की बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए रणनीति तैयार की गई।
आईजी निलेश आनंद भरणे ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि यातायात व्यवस्था पर विशेष ध्यान रखा जाए। किसी भी छोटी घटना की सूचना मिलते ही तत्काल मौके पर पहुंचकर उसका समाधान किया जाए।
आईजी ने कहा कि सोशल मीडिया पर सक्रिय पुलिस टीमें चौबीसों घंटे निगरानी रखें। यदि कोई व्यक्ति अफवाह फैलाने का प्रयास करता है तो उसे चिह्नित कर उसके खिलाफ तत्काल वैधानिक कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि किसी घटना का इंतजार करने के बजाय सक्रिय होकर कार्य करना होगा। निर्देश दिए कि आने वाले दिनों में श्रद्धालुओं की संख्या और बढ़ेगी, ऐसे में सभी विभागों को एक टीम की तरह कार्य करते हुए हर चुनौती का सामना करना होगा। कुछ संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश भी दिए गए।