गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय परिसर के एटीएम में कैश नहीं होने पर छात्रों का गुस्सा फूट पड़ा। नाराज छात्रों ने एटीएम के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया। उन्होंने कुलसचिव को ज्ञापन देकर छात्रों को हो रही परेशानी से भी अवगत कराया।
गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय में करीब एक हजार छात्र अलग- अलग हॉस्टल में रहते हैं। जबकि शिक्षकों, कर्मचारियों के परिवार भी बड़ी संख्या में गुरुकुल परिसर में निवास करते हैं। छात्र नेता अजय चौहान ने बताया कि परिसर में लगे पीएनबी के एटीएम में महीने भर से कैश नहीं है। जिससे छात्रों को कैश के लिए बाहर भटकना पड़ रहा है। इससे नाराज छात्रों ने बृहस्पतिवार दोपहर को एटीएम में पहुंचकर बैंक के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। इसके बाद छात्र नारेबाजी करते हुए कुलसचिव कार्यालय पहुंचे और ज्ञापन देकर अवगत कराया कि छात्रों को महीने भर से भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष मनीष चौहान, चर्चित बालियान, अजय चौहान आदि छात्र नेताओं ने पीएनबी के अधिकारियों से समस्या का समाधान कराने की मांग की। जल्द कैश न आने पर बैंक के बाहर धरना प्रदर्शन की चेतावनी भी दी गई। प्रदर्शनकारियों में छात्रसंघ उपाध्यक्ष अभिषेक चौहान, सह सचिव श्रेयांश जैन, कोषाध्यक्ष आशुतोष कुमार, शुभम, अनुज, सहर्ष, उत्पल, शुभम गुर्जर, अमन आदि शामिल रहे।