हरिद्वार। रानीपुर कोतवाली क्षेत्र की एक महिला ने अपने पति पर मारपीट, मानसिक उत्पीड़न और सोशल मीडिया के जरिए बदनाम करने का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
शिवालिक नगर निवासी आरती देवी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसका पति भानु प्रताप लंबे समय से शराब के नशे में उसके साथ अभद्र व्यवहार करता है। वह कोई काम नहीं करता और परिवार का खर्च तथा बच्चों का पालन-पोषण आरती देवी खुद मेहनत-मजदूरी कर चलाती हैं। आरोप है कि पति उससे पैसे मांगता है और मना करने पर मारपीट करता है। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि पति उसकी छवि खराब करने के उद्देश्य से सोशल मीडिया पर उसके नाम को अन्य लोगों से जोड़कर आपत्तिजनक बातें पोस्ट करता है। 20 मई की रात पति ने फेसबुक पर उसके और उसके कार्यस्थल के खिलाफ आपत्तिजनक पोस्ट डाली। अगले दिन जब उसने पति को ऐसा करने से रोका तो उसे जान से मारने की धमकी दी गई। कोतवाली प्रभारी मनोहर सिंह भंडारी ने बताया कि इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।