हरिद्वार। कनखल कोतवाली क्षेत्र से एक 16 वर्षीय किशोरी संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई। जगजीतपुर निवासी एक व्यक्ति ने पुलिस को बताया कि उनकी बेटी 21 मई की सुबह करीब साढ़े नौ बजे घर से निकली थी। उसने परिवार से कहा था कि वह कनखल स्थित दक्ष मंदिर में पूजा करने जा रही है। काफी देर तक घर वापस न लौटने पर परिजनों ने उसके मोबाइल नंबर पर कई बार संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन फोन रिसीव नहीं हुआ। सुबह करीब 11:14 बजे किशोरी के मोबाइल से उसकी मां के फोन पर कॉल आई। कॉल पर बेटी ने कहा कि वह जा रही है, उसे ढूंढने की कोशिश न की जाए। फोन पर एक युवक की आवाज भी सुनाई दी, जिसने भी यही बात दोहराई। इसके बाद फोन बंद हो गया। कोतवाली प्रभारी देवेंद्र सिंह रावत ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर किशोरी की तलाश शुरू कर दी है।