हरिद्वार। रानीपुर कोतवाली क्षेत्र में दहेज के लिए महिला को प्रताड़ित करने, कार में बंद कर जिंदा जलाकर हत्या की कोशिश करने के मामले में फरार आरोपी पति को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसे अदालत में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, सेक्टर-4 बीएचईएल निवासी सलोनी उर्फ अन्नु ने 24 अप्रैल को प्राथमिकी दर्ज कराई थी। आरोप लगाया था कि पति बसंत कुमार टपरवाल, ससुर ज्ञानचंद, सास, ननद और नंदोई संजीव निवासी ब्रह्मपुरी बैरियर नंबर-6 विवाह के बाद से ही दहेज के लिए उसे प्रताड़ित रहे थे। मायके से दहेज में 10 लाख और क्रेटा कार लाने का दबाव बना रहे थे।
आरोप लगाया कि मांग पूरी नहीं होने पर उसके साथ मारपीट और मानसिक उत्पीड़न किया गया। आरोप था कि पति बसंत कुमार ने उसे कार में बंद कर आग लगाकर जान से मारने का प्रयास भी किया। किसी तरह बचकर वह मायके पहुंची थी। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। जांच में मामला सही निकलने के बाद आरोपियों की तलाश शुरू की गई। कोतवाली प्रभारी मनोहर भंडारी ने बताया कि ब्रह्मपुरी, रावली महदूद क्षेत्र से आरोपी बसंत कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया है। कोर्ट में पेश कर उसे जेल भेज दिया गया है। अन्य नामजद आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।