भेल सेक्टर दो स्थित गुरुनानक दरबार गुरुद्वारे में गुरु गोविंद सिंह का प्रकाशोत्सव धूमधाम से मनाया गया। सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालुओं ने गुरुद्वारे पहुंचकर गुरु ग्रंथ साहिब के आगे माथा टेका। चंडीगढ़ वाले ढाढी जत्थे के गुरुदेव सिंह ने गुरु गोविंद सिंह की कथा सुनाकर श्रद्धालुओं को निहाल किया।
गुरुदेव सिंह ने कहा कि गुरु गोविंद सिंह का परिवार बलिदानियों का परिवार था। उनके पिता गुरु तेग बहादुर, चारों साहिबजादों ने भी देश और कौम के लिए शहीदी दी। इस अवसर पर भेल ईडी संजय गुलाटी ने कहा कि गुरुओं के बताए मार्ग पर चलकर मनुष्य अपना जीवन सफल बना सकता है। अपनी संस्कृति और महापुरुषों के बारे में सभी को जानकारी होनी चाहिए। गुरुद्वारे के प्रधान सुखदेव सिंह ने बताया कि 15 से 22 जनवरी तक रोजाना प्रभात फेरी निकाली गई। 22 जनवरी से अखंड पाठ आरंभ किया गया जिसका समापन 24 जनवरी को किया गया। इस अवसर पर उजल सिंह, हरभजन सिंह, अमरदीप सिंह, जसविंदर सिंह, करमजीतसिंह, जेएस सड़ाना, बलबीर सिंह, अनूप सिंह, विक्रम सिंह आदि उपस्थित थे।