हरिद्वार। घर-घर गंगाजल पहुंचाने की केंद्र सरकार की योजना परवान चढ़ने लगी है। गंगोत्री और ऋषिकेश से भेजे जा रहे गंगाजल को हरिद्वार डाक विभाग अहमदाबाद मेल और मसूरी एक्सप्रेस से देश के विभिन्न शहरों में पहुंचा रहा है। ऋषिकेश से भरी गई गंगाजल की 200 एमएल की बोतल की कीमत 15 रुपये और गंगोत्री से भरी जा रही बोतल की कीमत 25 रुपये रखी गई है।
केंद्र की यह योजना भले ही हरिद्वार में संतों के विरोध के चलते शुरू नहीं हो पाई है। लेकिन उत्तराखंड के दूसरे शहरों और कस्बों से इसे शुरू कर दिया गया है। आनलाइन आर्डर मिलने के बाद भारतीय डाक विभाग ने गंगाजल की डिलीवरी शुरू कर दी है। डाक विभाग ऋषिकेश, मुनिकीरेती, वीरभद्र और गंगोत्री (उत्तरकाशी) से गंगाजल भरवा रहा है। वहां से यह गंगाजल हरिद्वार भेजा जाता है। फिर यहां से ट्रेनों के माध्यम से दूसरे शहरों के डाकघरों में भेजा जा रहा है। डाक विभाग के एक अधिकारी ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि यहां से गंगाजल अहमदाबाद मेल से तीन बजे मुजफ्फरनगर, मेरठ, पुुरानी दिल्ली, बांदीकुई, जयपुर, अहमदाबाद भेजा जा रहा है। मसूरी एक्सप्रेस से रात साढ़े दस बजे गंगाजल भेजा जाता है।
अहमदाबाद मेल और मसूरी एक्सप्रेस के डिब्बों से डाक विभाग गंगाजल भेज रहा है। इसके लिए विभाग ने अहमदाबाद मेल की 80 सीटें और मसूरी एक्सप्रेस की 20 सीटों को लिया गया है।
एचएस मीणा, मुख्य पार्सल पर्यवेक्षक, रेलवे विभाग
हरिद्वार में है आरएमएस
उत्तराखंड में हरिद्वार, देहरादून और काठगोदाम में रेलवे मेल सर्विस (आरएमएस) का ऑफिस है। हरिद्वार आरएमएस आफिस के माध्यम से ऋषिकेश, टिहरी और उत्तरकाशी सहित अन्य गढ़वाल के माल को ट्रेन के माध्यम से अन्य डाकघरों में भेजा जाता है।