लकड़ी की मंडी में ट्रैक्टर-ट्राली से लकड़ियां उतारते समय हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर गिर जाने से महमूदपुर निवासी शादाब (18) पुत्र शौकत की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे से क्षेत्र में शोक छा गया। मौके पर पहुंचे विधायक फुरकान अहमद ने लोगों को सांत्वना देकर ढांढस बंधाया।
शादाब बुधवार की दोपहर ट्रैक्टर-ट्राली में लकड़ियां भरकर कलियर स्थित मंडी में बेचने आया था। जब वह लकड़ियां उतार रहा था तभी ट्रैक्टर के ऊपर हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर गिर गया। उसकी चपेट में आने से शादाब बुरी तरह झुलस गया और मौके पर उसने दम तोड़ दिया। हादसे से वहां हड़कंप मच गया और भारी भीड़ जमा हो गई।
लोगों ने ऊर्जा निगम के अधिकारियों से संपर्क कर बिजली आपूर्ति बंद कराई। इस बीच मृतक के परिजन मौके पर पहुंच गए। उनका रो-रोकर बुरा हाल था। पिरान कलियर के विधायक फुरकान अहमद और अन्य लोगों ने मौके पर पहुंचकर गमजदा परिजनों को ढांढस बंधाया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। हादसे से क्षेत्र में शोक छा गया।
रास नहीं आया काम
शादाब को लकड़ी भरने का काम रास नहीं आया। तीन भाइयों में सबसे छोटा शादाब तीन महीने पहले पेंट करने का काम करता था। वह कुछ दिनों से लकड़ी बेचने के काम में मजदूरी करने लगा था। पर वह यहां अधिक समय मजदूरी नहीं कर सका।