श्यामपुर। कांवड़ मेले के पहले ही दिन श्यामपुर में एक बड़ा हादसा होते-होते बचा। देर शाम 33,000 वोल्ट हाईटेंशन पोल से टूटकर तार सीधे नीलधारा गंगा नदी में जा गिरा। यह घटना उस दौरान हुई जब हजारों शिव भक्त चंडी पुल से होकर अपनी कांवड़ यात्रा कर रहे थे। गनीमत रही कि इस घटना में जान-माल का नुकसान नहीं हुआ।
बताया जा रहा है कि अचानक हाई वोल्टेज बिजली की तार में शॉर्ट सर्किट हुआ। इसके चलते तार टूटकर गंगा नदी की धरा में गिर गया। इसकी सूचना मिलते ही ऊर्जा निगम की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। टीम ने बिना देरी किए हाई वोल्टेज लाइन को शट डाउन कर दिया। इस वजह से चंडीचौक से लेकर श्यामपुर और आसपास के सभी गांवों में बिजली पूरी तरह गुल हो गई।
वहीं ऊर्जा निगम के जेई अरविंद यादव ने बताया कि उनकी टीम के सभी कर्मचारी मौके पर मौजूद हैं। आपूर्ति सुचारू करने के लिए मरम्मत कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि देर रात तक श्यामपुर के सभी क्षेत्रों में बिजली की आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।