हाथरस के प्रेमी युगल के होटल में खुदकुशी करने के मामले में बृहस्पतिवार को नया मोड़ आ गया। हरिद्वार पहुंचे मृतक युवक सुमित दीक्षित के पिता अतेंद्र दीक्षित ने युवती के भाई मुनीश, उसके दोस्त शीले और जय दीक्षित के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है। प्रेमी युगल ने अपने सुसाइड नोट में इन्हीं तीनों के ही नाम का जिक्र करते हुए खुदकुशी करने की बात लिखी थी।
चित्रा टाकीज की गली में होटल सम्राट में हाथरस के गांव लोधई थाना सहदो के रहने वाले सुमित दीक्षित और नंदनी दीक्षित ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली थी। सुसाइड नोट में प्रेमी युगल ने लिखा था कि मुनीश, शीले और जय दीक्षित ने उनका इस कदर उत्पीड़न किया वे खुदकुशी कर रहे हैं। वे ही उनकी मौत के सीधे सीधे जिम्मेदार हैं। एक ही गोत्र होने के चलते परिजन उनकी शादी के खिलाफ थे। यह भी सामने आया था कि युवती अपनी बड़ी बहन के साथ हरिद्वार पहुंची और यहां उससे अलग हो गई थी।
युवती का भाई मुनीश बहनों को ढूंढते हुए यहां पहुंचा था और बड़ी बहन से उसकी मुलाकात होने पर उसे अपने साथ ले गया। बृहस्पतिवार को हरिद्वार पहुंचे सुमित के पिता अतेंद्र ने मुकदमा दर्ज कराते हुए बताया कि दो सितंबर को तीनों ने ही उसके बेटे और नंदनी के साथ मारपीट की और हत्या की धमकी दी थी। यह जानकारी उसके पुत्र ने मोबाइल फोन से दी थी। एक वर्ष पूर्व भी उसके बेटे को नंदनी के पिता पिटाई करते हुए गांव तक ले आए थे और तब चार लाख देने की मांग की गई थी। एसएसआई गिरिश चंद्र शर्मा ने बताया कि पिता की तहरीर पर इस संबंध में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।