कुंभनगरी में नशे पर रोक लगाने के लिए प्रदेश के डीजी (लॉ एंड ऑर्डर) अशोक कुमार ने हेल्पलाइन नंबर 8864882100 जारी किया है। इस पर कोई भी नशे से जुड़ी सूचना दे सकता है। उसका नाम गुप्त रखा जाएगा। डीजी (लॉ एंड ऑर्डर) अशोक कुमार ने सोमवार को मेला नियंत्रण कक्ष में पत्रकारों से वार्ता करते हुए इस कार्य में सभी का सहयोग भी मांगा।
उन्होंने कहा कि प्रदेश भर में पुलिस ने नशे के खिलाफ अभियान भी छेड़े हैं, लेकिन ज्यादा प्रभावी नतीजे सामने नहीं आए हैं। बताया कि यह हेल्पलाइन नंबर एसएसपी सेंथिल अबुदई कृष्णराज एस की निगरानी में रहेगा और वही इसकी मॉनीटरिंग भी करेंगे। व्हाटसऐप पर भी शिकायत की जा सकती है। इस दौरान आईजी रेंज अजय रौतेला, एसएसपी सेंथिल अबुदई कृष्णराज एस, एसपी सिटी कमलेश उपाध्याय, एसपी देहात नवनीत भुल्लर सहित कई पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
नपेंगे हलका प्रभारी
डीजी ने साफ किया कि हेल्पलाइन पर सूचना मिलने के बाद जिस क्षेत्र में कार्रवाई होगी, उसके हलका इंचार्ज पर कार्रवाई होना तय है। पूछा जाएगा, आखिर चौकी प्रभारी ने नशे की रोकथाम के लिए कार्रवाई क्यों करना ठीक नहीं समझा।
छह चरणों में पहुंचेगी कुंभ को फोर्स
कुंभ के लिए भी पुलिस फोर्स के पहुंचने का सिलसिला अगले साल से शुरू होगा। छह चरण में पुलिस फोर्स पहुंचेगी।
गंगनहर देहात और भगवानपुर में बनेंगी चौकी
डीजी (लॉ एंड आर्डर) अशोक कुमार ने बताया कि गंगनहर देहात और भगवानपुर के औद्योगिक क्षेत्र में अस्थाई चौकी बनाई जाएगी। आमजन ने रूड़की में हुई बैठक के दौरान इसकी मांग की है। शासन को देहात क्षेत्र में दो थाने बनाने के लिए भी प्रस्ताव भेजा जाएगा।
अपराधियों के मददगारों पर लगेगी गैंगस्टर
अशोक कुमार ने कहा कि जो लोग कुख्यात या फिर बड़े बदमाशों की जमानत ले रहे हैं, उन पर पुलिस की नजर है। उन्होंने कहा कि कई मामलों में जमानती भी फर्जी निकलकर आए है। अपराधियों की मदद करने वालों पर गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई होगी।