आधिकारिक वेबसाइट पर मिलेंगी कुंभ से जुड़ी जानकारियां
कुंभ मेला-2027 की आधिकारिक वेबसाइट
https://haridwarkumbh.uk.gov.in के माध्यम से श्रद्धालुओं, आगंतुकों और आमजन को आयोजन से संबंधित प्रामाणिक जानकारियां उपलब्ध कराई जा सकेंगी। डिजिटल मंच के जरिए आयोजन से जुड़ी सूचनाओं का व्यवस्थित प्रसार किया जा सकेगा। इससे देश के विभिन्न हिस्सों के साथ विदेशों में रहने वाले श्रद्धालुओं को भी कुंभ से जुड़ने में मदद मिलेगी। वेबसाइट के माध्यम से कुंभ की तैयारियों और आयोजन संबंधी जानकारियों तक लोगों की पहुंच आसान बनाने के साथ ही हरिद्वार की धार्मिक पहचान को व्यापक स्तर पर प्रस्तुत किया जा सकेगा।
‘कुंभ का पर्व आ गया’ गीत से गूंजेगा आस्था और उल्लास का संदेश
कुंभ मेला-2027 के आधिकारिक गीत का लोकार्पण कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण रहा। ‘साधु और संतों के मन में हर्ष छा गया, कुंभ का पर्व आ गया’ पंक्तियों से शुरू होने वाला यह गीत कुंभ के आगमन की प्रसन्नता, साधु-संतों के उत्साह और श्रद्धालुओं की आस्था को स्वर देता है। इस गीत की रचना, गायन और संगीत हरिद्वार निवासी गायक राघव राजा ने किया है। गीत के माध्यम से कुंभ के आगमन का संदेश जन-जन तक पहुंचाने और आयोजन के प्रति सांस्कृतिक जुड़ाव मजबूत करने का प्रयास किया गया है। धार्मिक आयोजनों में गीत-संगीत जनभावनाओं की अभिव्यक्ति का सशक्त माध्यम रहा है। ऐसे में कुंभ का आधिकारिक गीत आयोजन की परंपरा, उल्लास और आध्यात्मिक वातावरण को आमजन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।