हरिद्वार। अक्सर बिजली कटौती को लेकर चर्चाओं में रहने वाले औद्योगिक क्षेत्र सिडकुल में इन दिनों स्थिति सुधरी है। कभी कभार लोकल फाल्ट को छोड़ दें तो उद्यमियों को पर्याप्त बिजली मिल रही है जबकि बहादराबाद और हरिद्वार औद्योगिक क्षेत्र में दो से तीन घंटे की कटौती की जा रही है।
सिडकुल में अक्सर बिजली कटौती को लेकर उद्यमी परेशान रहते हैं। पिछले साल तो कई बार बिजली के मुद्दे पर बैठकों का आयोजन भी हुआ। ऊर्जा निगम के महानिदेशक की ओर से भी इस बारे मे संज्ञान लिया। इस समय उद्यमी बिजली की स्थिति से संतुष्ट हैं। हरिद्वार मैन्यूफैक्चरिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष हरेंद्र गर्ग ने बताया कि इन दिनों बिजली की कटौती नहीं हो रही है। लोकल फाल्ट के अलावा आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है। ऐसे में उद्योगों को बिजली कटौती से होने वाले नुकसान से मुक्ति मिल गई है। उद्यमी हिमेश कपूर ने भी स्थिति में सुधार की बात कही। हरिद्वार औद्योगिक क्षेत्र एसोसिएशन के उपाध्यक्ष नरेश जैनर का कहना है कि क्षेत्र में करीब तीन घंटे दोपहर मे डेढ़ से तीन बजे और शाम को करीब साढे़ छह से आठ बजे तक की कटौती उद्यमियों की सहमति से की जा रही है। जबकि बहादराबाद इंडस्ट्री एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष विशाल बाटला के अनुसार यहां भी अब बिजली आपूर्ति की स्थिति सुधरी है। ज्यादा समस्या गर्मियों में आती है।