माध्यमिक विद्यालयों में अर्द्धवार्षिक परीक्षा इस बार 9 से 25 अक्तूबर तक होंगी। परीक्षा की तैयारियों के लिए जनपदीय परीक्षा समिति की बैठक में शिक्षकों को स्वयं प्रश्न पत्र तैयार करने, बोर्ड परीक्षा में शामिल होने वाले परीक्षार्थियों के लिए बोर्ड पैटर्न पर प्रश्न पत्र तैयार करने, मासिक टेस्ट में से दो आदर्श टेस्ट अर्द्धवार्षिक परीक्षा के साथ जोड़ने का निर्णय लिया गया।
मंगलवार को रोशनाबाद स्थित कार्यालय में मुख्य शिक्षा अधिकारी गोविंद राम जायसवाल की अध्यक्षता में जनपदीय परीक्षा समिति की बैठक हुई। सर्वसम्मति से बैठक में निर्णय लिया गया कि जनपद के माध्यमिक विद्यालय में अर्द्धवार्षिक परीक्षा 9 से 25 अक्तूबर के मध्य संपन्न कराई जाएगी। परीक्षा कार्यक्रम विद्यालय स्तर पर बनाकर 4 अक्तूबर तक अनिवार्य रूप से अपने खंड शिक्षाधिकारी कार्यालय में जमा कराना होगा। परीक्षा कार्यक्रम बनाते समय इस बात का विशेष ध्यान रखा जाए कि संस्कृत प्रतियोगिताएं, कला उत्सव, खेल प्रतियोगिताएं एवं विज्ञान उत्सव के कार्यक्रम प्रभावित न हो। निर्णय लिया कि प्रश्नपत्र विद्यालय स्तर पर विषय अध्यापक स्वयं तैयार करेंगे। उसकी मूल प्रति परीक्षा विभाग में सुरक्षित रखेंगे। किसी भी दशा में प्रश्नपत्र को बाजार से क्रय न किया जाए। किसी भी दो विद्यालय के प्रश्न पत्र एक जैसे न हो। बोर्ड परीक्षाओं के प्रश्नपत्र बोर्ड पैटर्न पर ही बनाई जाए। 9 अक्तूबर से विद्यालय समय 9:15 से 3:30 तक रहेगा। उसी समय अवधि में परीक्षा संपन्न करानी है। निर्देशित किया गया कि परीक्षा का मूल्यांकन अनिवार्य रूप से प्रत्येक दिन परीक्षा के उपरांत ही कराया जाए। हर हाल में परीक्षा फल 4 नवंबर को घोषित किया जाएगा। साथ ही मासिक टेस्ट में से दो आदर्श टेस्ट अर्द्धवार्षिक परीक्षा के साथ जोड़े जाने का निर्णय लिया। इस मौके पर लक्सर के खंड शिक्षा अधिकारी अंबिका राम आर्य, रुड़की के खंड शिक्षा अधिकारी श्रीकांत पुरोहित, खानपुर के खंड शिक्षा अधिकारी जगन्नाथ प्रसाद यादव, नारसन के खंड शिक्षा अधिकारी के प्रतिनिधि सतीश चंद्र मिश्र, भगवानपुर खंड शिक्षा अधिकारी के प्रतिनिधि भानु प्रताप शर्मा, उत्तराखंड माध्यमिक शिक्षक संघ के जिला अध्यक्ष राजेश सैनी, जिला मंत्री जितेंद्र सिंह पुंडीर, राजकीय शिक्षक संघ के जिला अध्यक्ष उत्तम शर्मा, जिला मंत्री रविंद्र रोड, राजकीय कन्या इंटर कॉलेज ज्वालापुर की प्रधानाचार्य पूनम राणा, राजकीय इंटर कॉलेज मुंडाखेड़ा कला की प्रधानाचार्य विमला देवी, किसान इंटर कॉलेज लक्सर के प्रधानाचार्य जेपी सिंह, विजय सक्सेना उपस्थित रहे।