गुरुकुलम की विजेता छात्राओं के साथ आचार्य बालकृष्ण। श्रोत पतंजलि मीडिया
हरिद्वार। राज्यस्तरीय शास्त्र प्रतियोगिताओं में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली पतंजलि गुरुकुलम मूल्या ग्राम देवप्रयाग की छात्राएं अब कांचीपुरम में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व करेंगी। आचार्य बालकृष्ण ने कहा कि केन्द्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय की ओर से देवप्रयाग परिसर में आयोजित प्रतियोगिता में पतंजलि गुरुकुलम मूल्या ग्राम देवप्रयाग की छात्राओं ने 18 प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। छात्राओं की टोली 11 प्रतियोगिताओं में प्रथम, 4 में द्वितीय और 2 में तृतीय स्थान प्राप्त की।
आचार्य बालकृष्ण ने कहा कि पतंजलि गुरुकुलम की छात्राओं ने जहां संस्कृत के माध्यम से संस्कृति संरक्षण के अभियान को आगे बढ़ाते हुए पतंजलि को गौरवान्वित किया, वहीं उत्तराखंड में देवभूमि में सबसे अग्रणी संस्थान होने का गौरव भी प्राप्त किया। प्रतियोगिता में अभूतपूर्व सफलता के लिए पतंजलि योगपीठ के महामंत्री आचार्य बालकृष्ण ने प्रतिभागियों के सुखद भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। इस दौरान पतंजलि गुरुकुलम देवप्रयाग की प्राचार्य साध्वी देवश्रुति, साध्वी देवाश्रिता और संस्थान के अन्य सभी शिक्षक मौजूद रहे।