गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय परिसर में बाहरी युवकों और छात्रों के बीच मारपीट हो गई। मारपीट में दोनों पक्षों के कई युवक घायल हो गए। एक पक्ष की तहरीर पर पुलिस ने पांच के खिलाफ मारपीट और एससी, एसटी धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
15 फरवरी को वोट डालने को लेकर छात्रों और बाहरी युवाओं में विवाद हो गया था। जिस पर शुक्रवार को विवि परिसर में अमन चौक के पास युवक और विवि के छात्र आमने सामने आ गए। दोनों पक्षों में हुई मारपीट में चार-पांच युवकों के हाथ, पैर और सिर में चोटें आ गई। छात्र संघ के कोषाध्यक्ष श्रेयांश जैन और सह सचिव आशुतोष ने बताया कि एक पार्टी के पक्ष में वोट मांगने पर उनके साथ-मारपीट की गई। छात्रों का आरोप है विवि के दो-तीन चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी ने बाहरी युवाओं का साथ दिया। छात्रों ने विवि प्रशासन ने उचित कार्रवाई की मांग करते हुए आंदोलन की चेतावनी दी है। उधर, एक पक्ष की तहरीर पर पुलिस ने विवेक चौहान, नवीन, मनीष चौहान, राजा, अभिषेक भट्ट के खिलाफ मारपीट और एससी, एसटी धारों में मुकदमा दर्ज कर लिया है। कनखल थाने के कार्यवाहक एसओ भगतदास ने बताया कि एक पक्ष की तहरीर पर पांच युवाओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। दूसरे पक्ष की तहरीर मिलने पर भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
बृहस्पतिवार रात भी पहुंचे थे लाठी डंडे लेकर
बृहस्पतिवार रात को भी विवि परिसर से सटी भगवतीपुरम कालोनी में पास की बस्ती कई युवत लाठी डंडे लेकर पहुंचे थे। वहां छात्रों को न पाकर बस्ती के युवाओं ने कालोनी में घंटों तक जमकर गाली गलौज की। खाली पड़े छात्रों के कमरों की खिड़कियों पर लाठी-डंडे बरसाए।
पुलिस की कार्यशैली पर सवाल
हरिद्वार। भगवतीपुरम में कई मकानों पर छात्र किराये पर रहते हैं। मकान मालिक कभी देखरेख करने नहीं आते। बताया जाता है कि इन मकानों में असामाजिक तत्वों का आना-जाना लगा रहता है। पुलिस कभी इनका सत्यापन नहीं करती। जबकि स्थानीय लोग इसकी शिकायत कई बार पुलिस से कर चुके हैं।