नरभक्षी गुलदार की दहशत लोगों के सिर चढ़कर बोल रही है। मंगलवार दोपहर ‘गुलदार आया’ के शोर ने काफी देर तक ट्रैफिक की रफ्तार रोके रखी। सीआईएसएफ कैंपस से सटे पुल से गुजरने वालों ने पुल के नीचे गुलदार दिखने का दावा किया, जिस पर तमाम दोपहिया और चौपहिया वाहन पुल पर ही रोक लिए गए। इससे लंबा जाम लग गया। जाम की सूचना पर पहुंची पुलिस को जाम खुलवाने के लिए खासी मशक्कत करनी पड़ी।
पुल के नीचे ही बीते सप्ताह एक युवक का किसी जंगली जानवर का खाया शव मिला था। उस वक्त भी यहां गुलदार देखे जाने का दावा किया गया था। यही वजह है कि हर किसी के मन में गुलदार को लेकर दहशत बैठी है। मंगलवार को सीआईएसएफ कैंपस से सटे रानीपुर रौ के पुल पर इसी वजह से जाम की स्थिति पैदा हो गई।
रानीपुर रौ में दो घटनाएं घट चुकी हैं, लिहाजा पुलिस गुलदार की आमद को लेकर खास सतर्क है। वह किसी भी सूचना को हल्के में नहीं ले रही। मंगलवार को भी गुलदार के नदी में दिखाई देने को लेकर हड़कंप मच गया। वन विभागकर्मी भी मौके पर पहुंचे, लेकिन गुलदार का कहीं पता नहीं चल सका। कोतवाली प्रभारी शंकर सिंह बिष्ट ने बताया कि तकरीबन हर रोज क्षेत्र में गुलदार देखे जाने की सूचना आ रही है। चेतक को हर वक्त चौकस रहने के निर्देश दिए गए हैं।
---------------------
लोगों की आवाजाही बनी मुसीबत का सबब
हरिद्वार। गुलदार के नरभक्षी होने की वजह से एक ओर से बीएचईएल यानी भेल के बाशिंदों में खौफ है, वहीं कई के लिए गुलदार को देखना एक रोमांच भर है। इसे लेकर अस्पताल से स्टेडियम के पीछे की रोड पर आवाजाही बढ़ गई है। लोगों की बढ़ती आवाजाही स्थानीय पुलिस के लिए भी मुसीबत का सबब बन रही है।