गाजीवाला में पानी के बीच से निकलती महिलाएं।
- फोटो : अमर उजाला
श्यामपुर। सिंचाई के नाम पर लाखों रुपये बहाने वाले सिंचाई विभाग की हकीकत गाजीवाली में देखने को मिल रही है। विभाग की ओर से दो साल से गूल के क्षतिग्रस्त हो चुके फाटक को ठीक न किए जाने से सिंचाई का पानी नाले में बह रहा है। इससे मुुंडाल स्रोत का नाला उफान पर है। इससे गाजीवाली और श्यामपुर के मध्य लोगों की आवाजाही प्रभावित हो रही है।
एक सप्ताह से गूल का चेंबर टूटने से गूल का पानी मुंडाल स्रोत के नाले में बह रहा है। जिससे नाला उफान पर आ गया है। नाले पर पानी आने से श्यामपुर और गाजीवाली लोगों को आवागमन करने में परेशानी हो रही है। नाले पर इसी स्थान पर सीसी पुल बनाने की मांग को लेकर स्थानीय जनता काफी समय से आंदोलन कर रही है।
क्षेत्र में चिकनी मिट्टी होने के कारण नाले के आसपास कटाव हो रहा है। कीचड़ होने से दुपहिया वाहन इस मार्ग पर आवागमन नहीं कर पा रहे हैं। वहीं नाले के उफान पर आने के बाद लोग अपने नौनिहालों को स्कूल भेजने में भी कतरा रहे हैं। गाजीवाली करीब 80 बच्चे श्यामपुर स्कूल में पढ़ने जाते हैं।
सिंचाई विभाग की ओर से गूल का क्षतिग्रस्त चेंबर ठीक न किए जाने से स्थानीय लोगों में रोष है। गाजीवाली की प्रधान ओमवती ने बताया कि गूल का फाटक ठीक करने के लिए सिंचाई विभाग के अधिकारियों को कई बार लिखित में दिया, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। समस्या के समाधान के लिए स्थानीय जनता सिंचाई विभाग के कार्यालय घेरेगी।