ब्लाक मुख्यालय में एडीओ समाज कल्याण की गैर मौजूदगी में एक बाहरी आदमी काम देख रहा है। फरियादियों का आरोप है कि बाहरी व्यक्ति जरा-जरा से काम के लिए सुविधा शुल्क की मांग करता है, जिससे उनके काम नहीं हो रहे हैं।
भगवानपुर ब्लाक मुख्यालय में तैनात एडीओ समाज कल्याण सोम प्रकाश कभी-कभार ब्लाक पहुंचते हैं, लेकिन उन्हाेंने जनता की समस्याओं का समाधान करने के लिए एक बाहरी व्यक्ति को जिम्मेदारी दी हुई है। जिससे एडीओ समाज कल्याण ब्लाक में पहुंचे या नहीं पहुंचे, लेकिन बाहरी व्यक्ति प्रतिदिन ब्लाक मुख्यालय में बैठा मिलेगा।
इसके पास ही सभी सरकारी दस्तावेज मौजूद रहते हैं। जिससे क्षेत्र से आने वाले लोगों की सभी पेंशनों, गौरा देवी कन्या धन योजना, छात्रवृत्तियों की सारी डील यह बाहरी ही व्यक्ति करता है।
दूर-दूराज से आने वाले लोग बाहरी व्यक्ति पर आए दिन पैसे लेने के आरोप लगाते रहते हैं। सिकरौढा निवासी सुरेश कुमार, मोहम्मद मोहसीन निवासी निवादा, भगवानपुर निवासी मोहम्मद सद्दाम, शाहपुर निवासी मोहम्मद हाफिज आदि का आरोप है कि यह बाहरी काम कराने के नाम उनसे पैसे मांगता है।
एडीओ समाज कल्याण सोम प्रकाश का कहना है कि बाहरी व्यक्ति केवल लोगों को फार्म आदि देने के लिए रखा गया है, जिससे उनकी गैर मौजूदगी में लोगों को भटकना न पड़े। अब इसे हटा दिया जाएगा।