हरिद्वार। नगर कोतवाली क्षेत्र स्थित सुभाष घाट पर गंगा में रेलिंग से छलांग लगाने के दौरान डूबे गाजियाबाद के युवक का छह दिन बाद शव पथरी पावर हाउस से बरामद हो गया। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि छलांग लगाते समय सिर में चोट लगने से युवक गंगा में बह गया था।
पुलिस के अनुसार, 15 मार्च को उत्सव जौहरी (27) पुत्र अजय कुमार जौहरी निवासी सेक्टर-23 संजय नगर गाजियाबाद अपने दोस्तों के साथ घूमने के लिए को हरिद्वार आए थे। उस दिन रात में तीरथ होटल के सामने सुभाष घाट पर गंगा में स्नान करने लगे। रेलिंग से छलांग लगाने के दौरान उत्सव नीचे की तरफ पहुंच गया और वह संभल नहीं पाया और पानी के तेज बहाव में बहकर लापता हो गया था।
घटना के बाद से पुलिस उसकी तलाश में गंगा और बैराजों पर सर्च अभियान चला रही थी। रविवार को पथरी पावर हाउस के पास से शव बरामद हुआ। परिजनों ने पहुंचकर उसकी शिनाख्त की। शहर कोतवाली प्रभारी रितेश शाह ने बताया कि शव परिजनों को सौंप दिया गया है।