हरिद्वार। एनजीटी के आदेश भले ही कुंभनगरी में लागू नहीं हो पाए हों, लेकिन जिला जेल में इसका असर देखने को मिल रहा है। जेल कैंपस में पूरी तरह से पॉलिथीन पर प्रतिबंध लगा दिया गया है और मिलाई पर आने वाले लोगों को भी पॉलिथीन बंदी का संदेश दिया जा रहा है। यही नहीं जेल एवं जेल अधिकारी और कर्मचारी आवास के कूड़े के निस्तारण के लिए डंपिंग जोन भी बना दिया गया है और उस कूड़े का खाद में तब्दील करने की योजना है।
कुंभनगरी में पॉलिथीन एवं प्लास्टिक बंदी की जद्दोजहद जारी है। प्रशासनिक अफसर भाग दौड़ कर रहे हैं। जुर्माने के साथ ही पॉलिथीन जब्त करने की कार्रवाई भी चल रही है, लेकिन अब भी बड़ी लड़ाई बाकी है। इधर, शहर से दूर रोशनाबाद में जिला जेल कैंपस में एनजीटी के आदेश का पालन कराया जा रहा है। जेल कैंपस में भी पॉलिथीन प्रंतिबंधित होने के पोस्टर चस्पा कर दिए गए हैं।
----------
एनजीटी के आदेश का पालन करा रहे हैं। मकसद है कि, जेल कैंपस ही नहीं बल्कि आवासीय कालोनी भी पॉलिथीन मुक्त रहे। कर्मचारियों से भी पॉलिथीन का इस्तेमाल न करने को कहा गया है।
-एसके सुखीजा, जेल अधीक्षक