धनौरी। गंगनहर की वार्षिक बंदी के बाद उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग ने धनौरी, रुड़की और हरिद्वार में पुलों की मरम्मत का काम शुरू करा दिया है। अधिकारियों का दावा है कि बंदी के दौरान अधिकतर मरम्मत कार्य पूरे कर लिए जाएंगे।
गौरतलब है कि गंगनहर की वार्षिक बंदी 20 अक्तूबर की रात से शुरू हुई है, जो 28 अक्तूबर तक जारी रहेगी। नहर बंद होते ही उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग के अधिकारियों ने गंगनहर में क्षतिग्रस्त हिस्सों, पुलों और अन्य मरम्मत कार्यों को चिह्नित कर काम शुरू करा दिया है। उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता विकास त्यागी ने बताया कि धनौरी, रुड़की और हरिद्वार में क्षतिग्रस्त पुलों की मरम्मत शुरू करा दी गई है। इसके साथ ही गंगनहर के क्षतिग्रस्त हिस्सों को भी दुरुस्त कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि कुंभ मेले को देखते हुए नहरबंदी के दौरान मरम्मत कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है। संवाद