हरिद्वार के इंडस्ट्री एरिया में एक फैक्ट्री में गुलदार घूसने की सूचना के बाद मौके पर मौजूद भीड़ ।
- फोटो : HARIDWAR
पुराने औद्योगिक क्षेत्र की एक फैक्ट्री में गुलदार घुस आने की अफवाह से लोगों में दहशत फैल गई। सूचना पाकर वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची। उसने चप्पा चप्पा छान मारा, लेकिन घंटों मशक्कत के बाद भी गुलदार का सुराग नहीं मिला। तलाशी के दौरान फैक्ट्री के बाहर सैकड़ों की भीड़ जुट गई।
मामला बुधवार दोपहर बाद करीब तीन बजे का है। पुराने औद्योगिक क्षेत्र की एक फैक्ट्री में कार्यरत महिला कर्मचारी ने फैक्ट्री के अधिकारियों को फैक्ट्री में गुलदार जैसे किसी जानवर को देखे जाने की सूचना दी। इससे फैक्ट्री परिसर में हड़कंप मच गया। कर्मचारी एकत्र हो गए। आस पास की बस्तियों में भी हल्ला मच गया। सैकड़ों की तादाद में लोग फैक्टरी के बाहर जमा हो गए।
सूचना पर वन विभाग की टीम भी पहुंच गई। बताया गया कि गुलदार फैक्टरी की छत पर बने कमरे में घुस गया है। रेस्क्यू टीम ने पूरी फैक्टरी और आसपास के क्षेत्र को छान मारा, लेकिन उनके हाथ कुछ नहीं लगा। बता दें कि कुछ दिनों से भेल व आसपास के क्षेत्र में एक आदमखोर गुलदार वह एक व्यक्ति की जान भी ले चुका है। इससे पूरे क्षेत्र में दहशत है। डीएफओ आकाश वर्मा ने बताया कि गुलदार को पकड़ने के लिए टीमें लगातार गश्त कर रही हैं।