हरिद्वार। कृषि उत्पादन मंडी समिति के अध्यक्ष संजय चोपड़ा और सचिव विजय प्रसाद ने मंडी परिसर स्थित फल व्यापारियों की दुकानों पर औचक छापेमारी कर फल पकाने के लिए इस्तेमाल किए जा रहे रसायन जब्त कर लिए। व्यापारियों के लाइसेंस रद्द करने के साथ ही उनके दुकानों के आवंटन रद्द करने की चेतावनी दी।
जानकारी के अनुसार काफी दिनों से केला व्यापारियों के खिलाफ सेहत के लिए खतरनाक रसायन कैल्शियम कार्बाइड से केले पकाने की शिकायतें मिल रही थी। गुरुवार को औचक निरीक्षण किया गया तो दुकानों से भारी मात्रा में रसायन पकड़ा गया। सभी रसायनों को जब्त कर प्रयोगशाला में जांच के लिए भेज दिया गया। अध्यक्ष ने बताया कि व्यापारियों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 और विनियम 2011 के तहत कानूूनी कार्यवाही की जाएगी। वहीं मंडी अधिनियम में वर्णित व्यवस्था के अनुसार व्यापारियों के लाइसेंस रद्द करने की कार्यवाही की जाएगी। ऐसे व्यापारियों की दुकानों के आंवटन निरस्त किया जा सकता है। छापेमारी में कुलदीप नौटियाल, राजबीर सिंह, पंकज शाह, जितेंद्र सिंह, राजीव घाघट, अजय सिंह, शिवमूर्ति सिंह, मोहनलाल और बच्चीलाल आदि उपस्थित रहे।