किट्टी चलाने के नाम पर सैकड़ों लोगों के करोड़ों रूपए ऐंठने के मामले में फंसी दोनों बहनों के चार बैंकों के खाते ज्वालापुर पुलिस ने फ्रीज कर दिए है। पुलिस ने पिछले दो साल के ट्रांजेक्शन का लेखा जोखा निकालकर भी जांच शुरू कर दी है।
मध्य हरिद्वार स्थित विवेक विहार कालोनी की रहने वाली दो सगी बहनें कमलेश और जगदंबा पर किट्टी ग्रुप के नाम पर सैकड़ों लोगों की रकम हजम कर लेने का आरोप लगाते हुए एक पीड़ित सुशील कुमार ने कोतवाली ज्वालापुर में मुकदमा दर्ज कराया था।
पुलिस अभी बहनों को तलाश भी नहीं कर पाई थी कि वह नाटकीय ढंग से लौट आईं। पुलिस पर दोनों बहनों को हिरासत में लेकर छोड़ देने का आरोप लगाते हुए पीड़ितों ने हंगामा भी काटा था।
पुलिस अभी पूरे मामले की जांच में जुटी है। किट्टी ग्रुप संचालिका बहनों के कई बैंक खाते होने की बात सामने आई थी। जांच कर रही पुलिस ने अब चार बैंकों के खातों को फ्रीज कर दिया है। दो साल में हुए लेन देन की डिटेल भी जुटा ली है। कोतवाली प्रभारी योगेश देव ने बताया कि मामले जांच की जा रही है।