कंपनी में निवेश के नाम पर लाखों रुपये की धोखाधड़ी
हरिद्वार। पथरी थाना क्षेत्र में कंपनी में निवेश के नाम पर लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने का मामला सामने आया है। पहले पैसा दोगुना करने का झांसा देकर रकम ली व वापस मांगने पर जान से मारने की धमकी दी गई। पुलिस ने तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, रघुनाथ सक्सेना पुत्र अनिल कुमार निवासी फेरूपुर रामखेडा और रवि कुमार निवासी गोविंदगढ़ ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी मुलाकात करीब दो साल पहले ओम सिंह निवासी रावली महदूद से हुई थी। ओम सिंह ने अपने साले शक्ति सिंह से परिचय कराते हुए उसे एक निवेश कंपनी विनर विजन ग्लोबल से जुड़ा बताया और दोगुना लाभ दिलाने का लालच दिया। भरोसा दिलाने के लिए उन्होंने जमीन का रजिस्टर्ड एग्रीमेंट भी कराया।
आरोप है कि रघुनाथ सक्सेना ने बैंक से लोन लेकर करीब 12.5 लाख रुपये जबकि रवि कुमार ने 9.5 लाख रुपये अलग-अलग तिथियों में दोनों लोगों को दे दिए। काफी समय बीतने के बाद भी न तो रकम वापस मिली और न ही कोई लाभ दिया गया। पैसे मांगने पर इन लोगों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। थानाध्यक्ष मनोज नौटियाल ने बताया कि इस संबंध में धोखाधड़ी सहित संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। जांच की जा रही है।