हरिद्वार। विवाहिता का शादी के बाद से ही उत्पीड़न करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने महिला हेल्पलाइन में चली काउंसलिंग के बाद आरोपी पति और सास-ससुर सहित चार के खिलाफ मारपीट, दहेज उत्पीड़न की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस के अनुसार साक्षी निवासी आर्यनगर ज्वालापुर ने शिकायत दी। बताया कि उसका विवाह अंकुर बांगा निवासी आर्य मोहल्ला अंबाला, हरियाणा के साथ सात दिसंबर 2023 को हुआ था। शादी में माता-पिता ने सभी सामान दिया था। अंकुर, सास सुनीता बांगा, ससुर चंद्रमोहन बांगा, देवर दीपक बांगा दहेज के लिए ताने देने लगे। शादी के छह दिन बाद हनीमून के लिए कश्मीर गए। जहां पति मोबाइल फोन पर किसी महिला से चैटिंग में व्यस्त रहता था।
आरोप है कि बीती चार जनवरी को पति के फोन में एक महिला की चैट व व्हाट्सएप कॉल देखी। तब पति से पूछा तो गाली-गलौज कर दी। सास ने भी टालमटोल कर दी। फिर से मोबाइल में चैट देखकर बात करना चाहा तो अंकुर ने थप्पड़ मारते हुए गला दबाने का प्रयास किया। अंकुर लैपटॉप पर व्यस्त रहकर उसे अनदेखा कर रहा था। बात करने के लिए कोशिश की तो मारपीट कर दी। माता-पिता भाई को पता चला तो वह उसे हरिद्वार लेकर आ गए। एसएसआई राजेश बिष्ट ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जांच की जा रही है।