हरिद्वार। ढाबों पर गंभीर अनियमितताएं मिलने पर सात दिन के लिए फूड लाइसेंस निलंबित कर दिए गए हैं। खैरा ढाबे पर भी खाद्य पदार्थ जमीन पर रखने पर नोटिस जारी किया गया है। ढाबे पर आवश्यक दस्तावेज और कमियों को दूर करने के निर्देश दिए गए हैं।
शुक्रवार को अपर आयुक्त ताजबर सिंह जग्गी एवं संयुक्त आयुक्त डाॅ. आरके सिंह के संयुक्त नेतृत्व में जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी महिमानंद जोशी व वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिलीप जैन व योगेंद्र पांडेेय के साथ हरिद्वार नजीबाबाद यात्रा मार्ग के सजनपुर व चिडियापुर में स्थित ढाबों एवं भोजनालयों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण में मिली गंभीर अनियमितताओं के कारण चिड़ियापुर स्थित मामा भांजा गढ़वाली ढाबा, न्यू स्टार गढ़वाली ढाबा व हिमालयन भोजनालय के फूड लाइसेंस को वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिलीप जैन ने सात दिन के लिए निलंबित करते हुए नोटिस जारी किया। सात दिन के अंदर निरीक्षण में पाई गई कमियों को दूर कर और मांगे गए आवश्यक दस्तावेजों को कार्यालय में उपलब्ध कराने सहित अनुपालन रिपोर्ट जमा करने के निर्देश दिए गए।
सजनपुर स्थित खैरा पंजाबी ढाबा को आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत न करने और कुछ खाद्य पदार्थों को सीधे जमीन पर इकठ्ठा करने के कारण नोटिस जारी कर कमियों को दूर कर अनुपालन रिपोर्ट कार्यालय में जमा करने के निर्देश दिए गए।
चिडियापुर स्थित मामा भांजा गढ़वाली ढाबा में खुला वांशिग एरिया पाए जाने, डीप फ्रीजर में बदबूदार खाद्य पदार्थ मिलने, आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत न करने, खुला मसालों का प्रयोग करने, निर्माण स्थल के अंदर ही खुली नालियों के कारण खाद्य पदार्थों के प्रदूषित होने पर सात दिन के लिए ढाबे में खाद्य प्रकियों के संचालन पर रोक लगाने के आदेश दिलीप जैन ने दिए।
इसी प्रकार हिमालयन भोजनालय में खाद्य पदार्थों के रखने के स्टोरेज के अंदर पानी जमा होने व गंदगी के कारण बेहद दुर्गंध पाई गई। गंदे पानी से बार-बार किचन में फाइंग पेन को साफ किया जाना पाया गया, किचन के अंदर ही खुली नालियों से दुर्गंध आ रही थी। जिससे निर्मित खाद्य पदार्थों के दूषित होने की प्रबल आशंका है।
न्यू स्टार गढ़वाल ढाबा में भी किचन के पास ही पानी निकासी का खुला गड्ढा पाया गया, जिससे बदबू आ रही थी। किचन के पास ही वॉशिंग एरिया होने व फर्श कच्चा होने के कारण कीचड़ व गंदगी मिली। पलास्टर भी उखड़ा पाया गया। जिस कारण ढाबे के संचालन पर सात दिन के लिए रोक लगाई गई।
सभी चारों ढाबों को आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराने व निरीक्षण में मिली अनियमितताओं को दूर कर अनुपालन रिपोर्ट कार्यालय में जमा करने के निर्देश दिए। अगर कोई ढाबा संचालन निर्देशों का पालन नहीं करता है। अनुपालन रिपोर्ट दिए गए समय में जमा नहीं करता है तो संबंधित ढाबे का फूड लाइसेंस स्थायी रूप निरस्त कर दिया जाएगा।