विधानसभा चुनाव में हरिद्वार शहर में लगाई गई फूलों की दुकान ।
- फोटो : HARIDWAR
विधानसभा चुनाव के चलते बढ़ी फूल और मालाओं की डिमांड से विक्रेताओं के चेहरे खिले हुए हैं। इस बार प्रत्याशियों की ओर से डोर-टू-डोर संपर्क करने के चलते फूलों व मालाओं की बुकिंग बढ़ती जा रही है। वहीं दूसरी तरफ फूलों के हार की मांग अधिक होने के चलते फूल विक्रेताओं ने भी डिमांड बढ़ा दी है और अधिक मात्रा में फूल मंगवाए जा रहे हैं।
विधानसभा चुनाव 2022 के लिए हरिद्वार जिले की सभी 11 सीटों पर 14 फरवरी को मतदान है। ऐसे में उम्मीदवारों ने भी चुनाव प्रचार तेज कर दिया है और रोजाना डोर-टू-डोर संपर्क कर रहे हैं। इसमें अधिक मात्रा में उम्मीदवार के स्वागत के फूलों के छोटे हार व फूलों की वर्षा के लिए गेंदा के फूल इस्तेमाल किया जा रहा हैं। फूल की दुकानों में ज्यादातर दुकानदारों के पास पहले से ही पार्टी कार्यकर्ताओं की तरफ से माला बनाने के ऑर्डर दिए जा रहे हैं। कनखल स्थित मंडी में स्थानीय किसानों के साथ ही गाजीपुर फूल मंडी से भी फूल आ रहा है। शंकर आश्रम के आसपास फूल की एक दुकान दिन में कम से कम पांच से दस हजार रुपये का व्यापार कर रही है।
100 से 150 रुपये किलो बिक रहा गेंदे का फूल
प्रेमनगर आश्रम के पास फूल बेचने वाले दुकानदारों का कहना है कि फूलों की मांग बढ़ने के कारण जो फूलों की छोटी माला पहले 10 से 15 रुपये में बेची जा रही थी, अब उसकी कीमत बढ़कर 20 से 25 रुपये हो गई है। वहीं 1 किलोग्राम गेंदा के फूल 50 से रुपये से बढ़कर 80 से 100 रुपये तक पहुंच गए हैं। वहीं गुलाब के फूलों की पंखुड़ियों की कीमत भी 100 से 120 रुपये तक पहुंच गई है।
रोजाना बिक रहे 300 से 400 हार
प्रेमनगर आश्रम के पास स्थित फूल विक्रेता सतीश के अनुसार छोटी फूलों की मालाएं व हार की खूब खरीदारी की जा रही है। इसके अलावा उनके पास रोजाना विभिन्न पार्टियों के कार्यकर्ता 300 से 400 छोटे फूलों के हार खरीदने पहुंच रहे हैं। फूलों की खरीददारी बढ़ने पर उन्होंने दिल्ली से फूलों की डिमांग भी बढ़ दी है।