उत्तर रेलवे मुरादाबाद मंडल की ओर से सांप्रदायिक सद्भाव सप्ताह के अंतर्गत शुक्रवार को हरिद्वार स्टेशन पर फ्लैग मार्च निकाला गया। फ्लैग मार्च में रेल कर्मचारियों, स्काउट गाइड और रेलवे सुरक्षा बल के जवानों ने प्रतिभाग कर सांप्रदायिक सद्भाव का दिया संदेश दिया।
स्टेशन अधीक्षक एमके सिंह ने फ्लैग मार्च को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। फ्लैग मार्ग हरिद्वार रेलवे स्टेशन पर लोको लॉबी से प्लेटफार्म नंबर एक तक निकाला गया। स्टेशन अधीक्षक एमके सिंह ने कहा कि सांप्रदायिक एकता ही भारत की महान प्रकृति है। भारत ने दुनिया में सांप्रदायिक एकता का महत्वपूर्ण उदाहरण पेश किया है। दुनिया का एकमात्र ऐसा देश है जहां सभी धर्म के लोग शांतिपूर्वक रहते हैं।
उन्होंने कहा कि प्रतिवर्ष रेलवे की ओर से 19 नवंबर से 25 नवंबर तक सांप्रदायिक सद्भाव सप्ताह मनाया जाता है। इसी कड़ी में शुक्रवार को सप्ताह के समापन पर फ्लैग मार्च निकाला गया। इस दौरान मुख्य वाणिज्य पर्यवेक्षक अश्वनी कुमार, मुख्य टिकट निरीक्षक तारा चंद, मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक विजेंद्र चौहान, मुख्य पार्सल अधीक्षक हीरा सिंह मीना समेत कई कर्मचारी मौजूद रहे।