- ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र का मामला, प्राथमिकी दर्ज
हरिद्वार। ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र में शनिवार देर शाम उत्तराखंड गोवंश संरक्षण स्क्वाड की टीम ने छापा मारकर एक घर के अंदर अवैध रूप से पशु कटान का मामला पकड़ा। मौके से करीब 360.25 किलो भैंसवंशीय पशु मांस बरामद कर पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों का चालान किया गया।
पुलिस के अनुसार, गोवंश संरक्षण स्क्वाड की टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि कस्साबान मोहल्ले में बिलाल नाम के व्यक्ति के घर के भूतल पर बने कमरे में बिना लाइसेंस के पशु का कटान किया जा रहा है। सूचना पर टीम मौके पर पहुंची तो घर के अंदर पांच लोग पशु के मांस की कटाई-छंटाई करते मिले। पुलिस को देखते ही भागने का प्रयास किया लेकिन टीम ने घेराबंदी कर सभी को पकड़ लिया।
सीओ ज्वालापुर संजय चौहान ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों की पहचान बिलाल, मेहताब, अब्दुल करीम, शहादत और मोईन निवासी कस्साबान ज्वालापुर के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने एक भैंस का कटान करने और उसके मांस को बेचने की तैयारी करने की बात स्वीकार की। वे पशु कटान से संबंधित कोई वैध लाइसेंस या स्लाटर हाउस से मांस खरीदने का बिल नहीं दिखा सके। आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों का चालान किया गया। मौके से 360.25 किलो मांस बरामद हुआ। मांस के नमूने सील लेकर शेष मांस को नष्ट करा दिया गया।