- पथरी थाना क्षेत्र का मामला, पुलिस ने दर्ज की प्राथमिकी, जांच शुरू
पथरी। ऑनलाइन शॉपिंग प्लेटफॉर्म का कस्टमर केयर कर्मचारी बनकर साइबर ठग ने पति-पत्नी से 1.48 लाख रुपये ठग लिए। ठग ने 143 रुपये का रिफंड दिलाने का झांसा देकर दंपती से मोबाइल पर स्क्रीन शेयर करावाई और ओटीपी की जानकारी हासिल कर दोनों के बैंक खातों से रकम निकाल ली। पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, फेरुपुर रामखेड़ा निवासी ग्रामीण ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उन्होंने एक ऑनलाइन शापिंग एप से मसाज क्रीम ऑर्डर की थी। एक नवंबर को डिलीवरी नहीं होने के कारण ऑर्डर निरस्त हो गया था। इसके लिए उन्हें 143 रुपये का रिफंड मिलना था। छह नवंबर की सुबह करीब 9:36 बजे एक अज्ञात नंबर से उनके व्हाट्सएप पर कॉल आई। कॉल करने वाले व्यक्ति ने खुद को ऐप का कस्टमर केयर कर्मचारी बताया और 143 रुपये वापस दिलाने का भरोसा दिया।
आरोप है कि उस शख्स ने करीब 22 मिनट तक ऑडियो कॉल पर बात की और रिफंड की प्रक्रिया पूरी करने के नाम पर मोबाइल की स्क्रीन शेयर कराई। इसके बाद वह फोन पर निर्देश देता रहा और मोबाइल पर आने वाले ओटीपी व अन्य जानकारियां पूछता रहा। उसकी बातों में आकर दंपती निर्देशों का पालन करते रहे। कुछ देर बाद उनके बैंक खातों से रकम कटने के मैसेज आने लगे। दो खातों से कुल 1,48,360 रुपये की रकम ट्रांसफर हो गई। रकम चनबर और जाहिरुल एसके नाम के खातों में भेजी गई। वह इन लोगों को नहीं जानते हैं। सीओ संजय चौहान ने बताया कि इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। जांच की जा रही है।