हरिद्वार। शुक्रवार की रात ज्वालापुर कोतवाली और कनखल थाना क्षेत्र में आग लग गई। देखते ही देखते ही आग विकराल रूप लेने लगी। सूचना पर अग्निशमन विभाग की टीमों ने पहुंचकर आग पर काबू पाया। आग से सामान जल गया, लेकिन कोई जनहानि नहीं हुई। पटाखों के कारण आग लगने से घटनाएं हुई।
शुक्रवार को भी दीपावली का त्योहार मनाया गया और आतिशबाजी की गई। जगजीतपुर फुटबाल ग्राउंड बसंत विहार के पास शुक्रवार की रात एक घर में अचानक आग लग गई। फायर स्टेशन मायापुर पर सूचना पहुंचते ही कनखल क्षेत्र में तैनात फायर यूनिट के नरेंद्र सिंह तोमर, विपिन तोमर, प्रिया, ममता मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाया। एफएसओ शिशुपाल सिंह नेगी ने बताया कि अभिनव पुत्र संतोष सिंह के मकान में आग लगी थी। घर में कोई मौजूद नहीं था। इनवर्टर, बेड व अन्य घरेलू सामान जल गया है।
दूसरा मामला शंकर आश्रम अवधूत मंडल आश्रम के पास शरद विहार में एक प्लॉट का है। जहां जलते हुए पटाखे गिरने के बाद आग लग गई। सूचना मिलने पर फायर स्टेशन मायापुर और ज्वालापुर रेल चौकी पर तैनात फायर यूनिट के भगवती प्रसाद, राहुल शर्मा, अर्जुन सिंह, महेश, खुशहाल सिंह, शैलेंद्र भट्ट, यशपाल राणा, नरेश, वीरेंद्र, मातबर व पारुल पंवार ने पहुंचे। आग को बुझाया गया। एफएसओ शिशुपाल सिंह नेगी ने बताया कि दोनों घटनाओं में कोई जनहानि नहीं हुई है।