हरिद्वार। सिडकुल थाना क्षेत्र में वेतन वृद्धि को लेकर चल रहे एकम्स कंपनी के श्रमिकों के धरना-प्रदर्शन के बीच सोशल मीडिया पर भड़काऊ टिप्पणियां करने के मामले में पुलिस ने दो इंस्टाग्राम आईडी धारकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, एसएसआई विकास रावत की ओर से दी गई तहरीर में बताया गया कि सोशल मीडिया पर वायरल एक इंस्टाग्राम रील का स्क्रीनशॉट मिला। रील में एकम्स हड़ताल हरिद्वार उत्तराखंड लिखा हुआ था। इस पोस्ट पर इंस्टाग्राम आईडी नितेश बघेल से पुलिस वाली गाड़ी में आग लगा दो टिप्पणी की गई थी। वहीं दूसरी इंस्टाग्राम आईडी सत्यम साहू से पुलिस वालों पर पत्थरों से बरसात कर दो जैसा कमेंट किया गया।
मीडिया मॉनिटरिंग और साइबर सेल की जांच में पता चला कि यह रील सोनू यादव नाम के इंस्टाग्राम अकाउंट से पोस्ट की गई थी। आरोप है कि दोनों इंस्टाग्राम आईडी धारकों की ओर से प्रदर्शन कर रहे श्रमिकों को दुष्प्रेरित कर पुलिस के खिलाफ हिंसा, आगजनी और पत्थरबाजी के लिए उकसाने का प्रयास किया गया। थानाध्यक्ष अजय शाह ने बताया कि इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है।