- फर्जी खरीदार दिखाकर निवेश के नाम पर 29.72 लाख की ठगी का आरोप
- पैसे मांगने पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप, जांच शुरू
संवाद न्यूज एजेंसी
हरिद्वार। जमीन का सौदा कर मुनाफा दिलाने का झांसा देकर बैंक कर्मचारी से 29 लाख 72 हजार की धोखाधड़ी करने के आरोप में पुलिस ने हिंदू क्रांति दल के प्रदेश अध्यक्ष सहित छह आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। आरोप है कि फर्जी खरीदार दिखाकर निवेश के नाम पर रकम ली गई। वापस मांगने पर हत्या की धमकी दी। एसएसपी के निर्देश पर ज्वालापुर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, सौरव कुमार निवासी जुर्स कंट्री ज्वालापुर ने संजय मेहरा उर्फ संजय कुमार निवासी टिहरी विस्थापित कॉलोनी, सोनिया निवासी ज्वालापुर, मुकेश गुप्ता व अमरीश गुप्ता निवासी दुर्गा बिहार, ज्वालापुर, चरणजीत पाहवा निवासी सीतापुर, ज्वालापुर, मनोज कुमार निवासी टिहरी विस्थापित के खिलाफ धोखाधड़ी की प्राथमिकी दर्ज कराई है।
सौरभ ने तहरीर में बताया कि इंडियन ओवरसीज बैंक की रोहालकी, बहादराबाद शाखा में कार्यरत हैं। दो मई 2024 को अमरीश गुप्ता और मुकेश गुप्ता ने हरिद्वार में 18 बीघा जमीन का सौदा कराने और उससे मुनाफा दिलाने की बात कही। इसके लिए केपी शर्मा राम नाम के व्यक्ति को खरीदार के तौर पर दिखाया गया।
पहली मुलाकात में खरीदार के नाम पर मुकेश गुप्ता को 11 लाख नकद दिलवाए गए। इसके बाद एग्रीमेंट ट्रांसफर के नाम पर संजय मेहरा उर्फ संजय कुमार ने अलग-अलग किस्तों में उनसे 17 लाख, 6.50 लाख और 6.72 लाख रुपये लिए। इस तरह कुल 29 लाख 72 हजार ले लिए गए। संजय मेहरा को तीन चेक भी दिए।
आरोप है कि बाद में उन्हें जानकारी मिली कि इन सभी लोगों ने मिलकर जमीन के सौदे के नाम पर उसके साथ धोखाधड़ी की है। आरोप है कि करीब डेढ़ साल से वह अपनी रकम वापस मांग रहा है, लेकिन रकम लौटाने के बजाय उसे और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दे रहे हैं।
आरोप है कि इन लोगों ने डॉ. दीपक, डॉ. रवि गिरी, कृष्णपाल रात्री खत्री, अमित राठौर और अनिल सिंघल आदि के साथ भी इसी तरह धोखाधड़ी की है। सीओ संजय चौहान ने बताया कि इस संबंध में रिपोर्ट दर्ज कर ली है। मामले की जांच की जा रही है।