हरिद्वार। कनखल थाना क्षेत्र में सड़क दुर्घटना के बाद घायल बच्ची को अस्पताल पहुंचाने के बाद युवक से मारपीट करने के मामले में कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है।
पुलिस के अनुसार, सुभाष चंद्रा निवासी जगजीतपुर ने कोर्ट में दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि 25 नवंबर 2025 की सुबह उनका पुत्र अश्विनी अपनी कार से घर लौट रहा था। शीतला विहार मिस्सरपुर के पास कार की टक्कर साइकिल सवार 12 वर्षीय बच्ची से हो गई। अश्विनी घायल बच्ची को अपनी कार से सतीकुंड स्थित अस्पताल ले गया। जहां बच्ची के पिता विरेन्द्र चौहान और अन्य परिजन अपने साथ कई लोगों को बुलाकर अस्पताल पहुंच गए और अश्विनी से मारपीट कर दी।
आरोप लगाया कि 8-10 लोगों ने उसे घेरकर पीटा और अस्पताल से बाहर खींच लाए। कार में डालकर कहीं ले जाने की कोशिश की। घटना की सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और आईटीआई जगजीतपुर के पास कार को रुकवाकर अश्विनी को उनके चंगुल से छुड़ाया। दावा किया है कि पूरी घटना अस्पताल के सीसीटीवी कैमरों में कैद है। एसएचओ देवेंद्र सिंह रावत ने बताया कि इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। जांच की जा रही है।