हरिद्वार। शहर कोतवाली क्षेत्र में ब्याज के लेनदेन को लेकर एक महिला को रास्ते में रोककर मारपीट कर दी गई। पुलिस ने तहरीर के आधार पर सात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
पुलिस के अनुसार, शीतल बिश्नोई निवासी रानी गली शिवनगर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि भारत माता पुरम निवासी पल्लवी गुप्ता, ललित गुप्ता, संदीप गुप्ता, सन्नी, पिंकी सैनी समेत अन्य लोग काफी समय से उससे और उसके भाई अजय से रुपये के ब्याज को लेकर विवाद कर रहे थे। रुपये देते समय पांच प्रतिशत ब्याज तय हुआ था और वह मूलधन सहित ब्याज की पूरी रकम चुका चुके हैं। इसके बावजूद सभी अब 40 प्रतिशत अतिरिक्त ब्याज की मांग कर रहे थे और रुपये नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दे रहे थे।
आरोप है कि उसने इसी मामले में 21 मई की सुबह ही कोतवाली में लिखित शिकायत देकर खुद और अपने भाई की जान को खतरा बताया था। आरोप है कि शिकायत देने के बावजूद उसी रात करीब दस बजे जब वह अपनी बेटी को स्कूटी से लेकर घर लौट रही थी, तभी इन लोगों ने रास्ता रोक लिया। पल्लवी गुप्ता, ललित गुप्ता, संदीप गुप्ता, पिंकी सैनी, सन्नी और दो अन्य लोगों ने उसे नीचे गिराकर बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया। शोर सुनकर आसपास के लोग बाहर निकल आए, जिसके बाद सभी उसे बेहोशी की हालत में छोड़कर फरार हो गए। कोतवाली प्रभारी कुंदन सिंह राणा ने बताया कि इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।