हरिद्वार। रानीपुर कोतवाली क्षेत्र स्थित टिहरी विस्थापित कॉलोनी में गोबर डालने को लेकर हुए विवाद में पड़ोसियों से लाठी-डंडों से मारपीट कर दी गई। डेयरी संचालक समेत उसकी पत्नी और बुजुर्ग पिता को चोटें आईं। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, डेयरी संचालक सुमित नेगी निवासी एफ ब्लॉक टिहरी विस्थापित कॉलोनी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 20 सितंबर को पड़ोसियों से गोबर डालने को लेकर कहासुनी हो गई। आरोप लगाया कि इसके बाद पड़ोसी इमरान, उसका भाई छोटा और एक अन्य साथी मौके पर पहुंचे और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। अचानक हुए हमले में सुमीत, उसकी पत्नी और पिता घायल हो गए। आरोप है कि गाली-गलौज करते हुए परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई। इसके बाद मामले में पुलिस को तहरीर दी गई। कोतवाली प्रभारी शांति कुमार गंगवार ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।