हरिद्वार। डीलरों के पास फरवरी माह का सरकारी राशन पहुंचना शुरू हो गया है, जो उपभोक्ताओं को मार्च भी मिलेगा। चावल नहीं आने से फरवरी माह का राशन वितरण अटक गया था, लेकिन अब गोदामों से डीलरों की दुकानों पर पहुंचना शुरू हो गया है। उपभोक्ताओं को सरकारी राशन मिलने से राहत मिल जाएगी।
जनपद के 11.32 लाख उपभोक्ताओं के सामने फरवरी के चावल वितरण पर संकट खड़ा हो गया था, क्योंकि, फोर्टीफाइड चावल की डिमांड के अनुरूप खेप तैयार नहीं हो रही थी, जो हो भी रही थी, उसे भी चावल तैयार कर पहाड़ी जिलों में सप्लाई किया जा था, उधर, गेहूं का आवंटन हो गया था, लेकिन गाेदामों से उठान नहीं किया गया था। इस कारण फरवरी का राशन अब तक उपभोक्ताओं नहीं मिला था। उपभोक्ता राशन की दुकानों से बैरंग लौट रहे थे।
राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना के प्राथमिक परिवार के सफेद कार्ड धारकों और अंत्योदय के गुलाबी कार्ड धारकों को सरकारी राशन नहीं मिलने से अधिक परेशान होना पड़ रहा था, क्योंकि उन्हें मुफ्त सरकारी राशन दिया जाता है, पर यह नहीं मिलने से उन्हें बाजार से राशन खरीदना पड़ रहा था।
अब चावल का आवंटन भी गोदामों में आना शुरू हो गया है। इससे डीलरों की ओर से गोदामों से गेहूं और चावला दोनों उठाना शुरू कर दिया गया है। जिसे डीलरों की ओर से उपभोक्ताओं को वितरित किया जाएगा। सरकारी दुकानों से राशन मिलने से उपभोक्ताओं का बाजार से महंगी दरों पर खाद्यान्न खरीदने से पीछा छूट जाएगा।
-
फरवरी माह का राशन गोदामों से डीलरों की ओर से उठाना शुरू कर दिया गया है। जिसे डीलरों को शीघ्रता के साथ बांटने के निर्देश दिए गए हैं, हालांकि, फरवरी में राशन का देरी से उठान होने से मार्च में भी वितरित किया जाएगा, ताकि, प्रत्येक उपभोक्ता को फरवरी का राशन मिल सके।
मुकेश पाल, डीएसओ, हरिद्वार