उत्तरी हरिद्वार क्षेत्र में एक पिता ने अपनी 13 वर्षीय बेटी के साथ दुष्कर्म करने की कोशिश की। पीड़िता ने मामले की जानकारी पुलिस को दी। हरकत में आई खड़खड़ी चौकी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया। पीड़िता की मां की मौत दो साल पूर्व हो चुकी है।
सोमवार को खड़खड़ी चौकी पहुंची 13 साल की बालिका ने जब आपबीती बयां की तब पुलिस भी दंग रह गई। डरी सहमी पीड़िता ने अपने पिता पर गंभीर आरोप लगाए। आरोप लगाया कि उसका पिता उस पर बुरी नीयत रखता है। सोमवार की देर शाम भी उसके पिता ने उसके साथ जबरदस्ती करनी चाही। विरोध कर देने पर पिता ने हत्या कर देने की धमकी दी। पीड़िता ने बताया कि वह बमुश्किल पिता के चंगुल से छुटकर आई है। पूर्व में भी उसका पिता कई बार उसके साथ जबरदस्ती करने की कोशिश चुका है। खड़खड़ी चौकी प्रभारी राजेंद्र सिंह रावत ने पूरे घटनाक्रम से कोतवाली प्रभारी प्रवीण सिंह कोश्यारी को अवगत कराया। पुलिस ने तुरंत पीड़िता की शिकायत पर पिता के खिलाफ दुष्कर्म की कोशिश, पोक्सो एक्ट एवं हत्या की धमकी देने के आरोप में केस दर्ज कर लिया। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है। पीड़िता सातवीं कक्षा में अध्यनरत है और उसकी मां का देहात दो वर्ष पूर्व हो चुका है। उसका एक छोटा भाई एवं बहन है। पिता पेशे से दिहाड़ी मजदूर है। फिलहाल तीनों भाई बहन की देखरेख ताऊ ताई कर रहे हैं।