हरिद्वार। ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र में बाजार में सामान लेने के लिए रुके पिता-पुत्र पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया गया। हमले में दोनों घायल हो गए। पुलिस ने तहरीर के आधार पर तीन नामजद और आठ अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, अभिराम बाला निवासी जमालपुर कलां निवासी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 14 अप्रैल की रात बिल्केश्वर सड़क स्थित बाल्मीकि बस्ती में प्लंबर का काम कर अपने पुत्र अनुराग के साथ वापस आ रहे थे। ज्वालापुर बाजार में सामान लेने के लिए दुकान के पास पहुंचते ही आठ से 10 युवक आ गए। लाठी-डंडों से उनके बेटे अनुराग के साथ गाली-गलौज कर हमला कर दिया। बेटे को बचाने का प्रयास किया तो उन्हें भी पीटा। आसपास लोगों के इकट्ठा होने पर हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। कुछ हमलावरों ने मुंह ढक रखा था, जबकि कुछ को उसके बेटे ने पहचान लिया है।
आरोप है कि हमले में अंकुश, आर्यन उर्फ छोटा और सुजल निवासी राजीव नगर शामिल थे। आरोप है कि ये युवक नशे के अवैध धंधे से जुड़े हैं और पहले अनुराग को भी इसमें शामिल होने का दबाव बना रहे थे। उसने मना कर दिया था, जिससे रंजिश रखने लगे। कोतवाली प्रभारी चंद्रभान सिंह ने बताया कि इस संबंध में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जांच की जा रही है।