- बहादराबाद कोतवाली क्षेत्र का मामला, पुलिस ने दर्ज की प्राथमिकी
- ट्रैक्टर-रोटावेटर से गेहूं की फसल भी तहस-नहस करने का आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
बहादराबाद। कोतवाली क्षेत्र के रतनपुर गांव में खेत की मेड़ के विवाद में दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष हो गया। आरोप है कि एक पक्ष के सात लोगों ने लाठी-डंडे, बलकटी और राइफल लेकर दूसरे पक्ष के खेत में घुसकर किसान पर हमला कर दिया। एक युवक के पिता के सिर पर बलकटी से वार किया गया, जिससे उनका सिर फट गया। गंभीर हालत में उनका उपचार चल रहा है। आरोप है क ट्रैक्टर-रोटावेटर चलाकर गेहूं की फसल भी बर्बाद कर दी। पुलिस ने सात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
पुलिस के अनुसार, शादाब निवासी रतनपुर ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनका खेत मास्टर लियाकत के खेत से सटा हुआ है। 18 नवंबर को मास्टर लियाकत और उसके परिजनों ने हथियारों के बल पर उनके खेत की मेड़ तोड़कर अपनी जमीन में मिला ली थी। बाद में बिरादरी के लोगों ने दोनों पक्षों के बीच समझौता करा दिया था।
आरोप है कि 20 नवंबर को दोपहर करीब दो बजे मास्टर लियाकत, उसके बेटे और परिवार के अन्य लोग हथियारों से लैस होकर ट्रैक्टर-रोटावेटर लेकर उनके खेत में पहुंच गए।
आरोप है कि मास्टर लियाकत ने गाली देते हुए गेहूं की फसल बर्बाद करने और परिवार को जान से मारने के लिए उकसाया। इसके बाद जावेद ने बलकटी से शादाब के पिता आकिक के सिर पर वार कर दिया। हमले में उनका सिर फट गया, जबकि अन्य लोगों ने भी हथियारों से हमला किया।
शोर सुनकर मौके पर पहुंचे लोगों ने बीच-बचाव कर आकिक की जान बचाई। आरोप है कि जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। 22 नवंबर को पुलिस को तहरीर दी। एसपी सिटी दीपक सिंह ने बताया कि इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। जांच की जा रही है।