सीमेंट की रैक लेकर आ रही मालगाड़ी का ड्राइवर ज्वालापुर रेलवे स्टेशन पहुंचते ही बेहोश होकर सीट से गिर गया। गाड़ी सिग्नल पार करते हुए ठोकर लाइन को तोड़ते हुए आगे बढ़ गई। सहायक पायलट ने जैसे-तैसे इस पर काबू पाया। बेहोश ड्राइवर को मेट्रो अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सोमवार सुबह नौ बजे एक मालगाड़ी सीमेंट की रैक लेकर हर्रावाला स्टेशन (देहरादून) आ रही थी। जैसे ही मालगाड़ी ज्वालापुर स्टेशन पहुंची ड्राइवर अचानक बेहोश होकर सीट से गिर गया। गाड़ी सिग्नल तोड़ते हुए ठोकर लाइन पर जा टकराई। सहायक पायलट की सूचना पर ज्वालापुर स्टेशन के अधिकारी मौके पर पहुंचे।
हरिद्वार स्टेशन से भी डाक्टरों की टीम मौके पर पहुंची और ड्राइवर का स्वास्थ्य परीक्षण किया। लेकिन एल्कोहल की पुष्टि नहीं हुई। ड्राइवर जगदीश कुमार को सिडकुल मेट्रो अस्पताल के आईसीयू वार्ड में भर्ती किया गया है। गाड़ी के ठोकर लाइन पर टकराने के बाद इंजन को पीछे लाया गया तब जाकर करीब छह घंटे बाद दूसरा ड्राइवर गाड़ी को हर्रावाला ले गया।
ड्राइवर के अचानक बेहोश होने की खबर के बाद रेल कर्मचारी यूनियनों के प्रतिनिधि भी ड्राइवर का हालचाल जानने अस्पताल पहुंचे। फिलहाल ड्राइवर की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। ज्वालापुर के स्टेशन अधीक्षक एसके शर्मा ने बताया कि ड्राइवर के बेहोश होने के बाद उसे भर्ती किया गया है।