हरिद्वार। मौनी अमावस्या पर स्नान के लिए रात करीब एक बजे जैसे ही मुहूर्त शुरू हुआ तो पुण्य की डुबकी लगाने के लिए श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ने लगा। सुबह होते-होते पूरा हरकी पैड़ी क्षेत्र श्रद्धालुओं से पूरी तरह भर चुका था। समूचा क्षेत्र गंगा मैया की जय और हर-हर गंगे के नारों से गूंज उठा। दिन चढ़ने के साथ ही भीड़ बढ़ती गई। दोपहर तक श्रद्धालुओं का रैला उमड़ता रहा।
मौनी अमावस्या के स्नान के लिए मध्य रात्रि के बाद से ही श्रद्धालुओं का तांता लगने लगा था। खास बात यह रही कि शाम तक शहर में श्रद्धालुओं की संख्या बहुत ज्यादा नहीं थी। भीमगोड़ा, खड़खड़ी, श्रवणनाथ नगर के होटल, धर्मशालाओं से लेकर पार्किंग स्थलों की तरफ से भी श्रद्धालुओं का हरकी पैड़ी क्षेत्र में आगमन होता रहा। सुरक्षा की दृष्टि से लोगों को हर घाट पर जल पुलिस के जवान और सामाजिक संस्थाओं के गोताखोर तैनात किए गए थे। मेलाधिकारी एसए मुरुगेशन, जिलाधिकारी हरबंस सिंह चुघ एसएसपी सेंथिल अबुदई कृष्णराज एस, मेला एसएसपी जगतराम जोशी, एसपी मणिकांत मिश्रा समेत सभी अधिकारी लगातार हरकी पैड़ी क्षेत्र में ही कैंप कर व्यवस्थाओं को देखते रहे।
ड्रोन कैमरे से निगहबानी
हरिद्वार। अर्द्धकुंभ मेले के दूसरे मुख्य स्नान पर्व पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर हरकी पैड़ी, मुख्य शहर से लेकर हाईवे पर चप्पे चप्पे पर पुलिस बल तैनात रहा। हरकी पैड़ी के गंगा घाटों पर ड्रोन कैमरे से निगहबानी की जा रही थी। पानी में जल पुलिस अपनी अपनी रॉफ्ट लेकर चौकस थी।
रुड़की में आईएसआईएस से जुड़े होने के आरोप में चार युवकों की गिरफ्तारी ने अर्द्धकुंभ पुलिस के होश उड़ा दिए थे। पूछताछ में पता चला था कि आरोपियों के निशाने पर अर्द्धकुंभ मेले के स्नान भी थे। चेकिंग के घेरे से होकर श्रद्धालु आ जा रहे थे और बम निरोधक दस्ता-डॉग स्क्वायड की कई टीमें मेला क्षेत्र में सक्रिय थी।
----------