हरिद्वार। अर्द्धकुंभ मेला निधि का दुरुपयोग व पुराने निर्माण कार्यों पर बोर्ड लगाकर उन्हें नया दिखाने का आरोप लगाते हुए भाजपाइयों ने मेला प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन कर विष्णुघाट पर प्रदेश सरकार का पुतला फूंका। एक सप्ताह में निष्पक्ष जांच शुरू नहीं करने पर आंदोलन की चेतावनी दी।
मंडल अध्यक्ष प्रदीप कालरा और महामंत्री अनिरुद्ध भाटी के नेतृत्व में एकत्र कार्यकर्ताओं ने कहा कि वर्ष 2010 में कुंभ मेले में भाजपा सरकार के कार्यकाल में जो सुलभ शौचालय बनाए गए थे। उन पर अर्द्धकुंभ मेला-2016 निधि से निर्माण का बोर्ड लगाकर बजट को खुर्द बुर्द किया जा रहा है। लेकिन भाजपा इसे स्वीकार नहीं करेगी। जिला उपाध्यक्ष नरेश शर्मा ने कहा कि केंद्र से बजट न मिलने का रोना रोने वाली प्रदेश सरकार की मंशा ऐसे कारनामे करने से साफ जाहिर हो रहे हैं। विधायक प्रतिनिधि किशन बजाज और देवेंद्र मनवाल ने कहा कि प्रदेश सरकार केंद्र की ओर से दी गई योजनागत निधि को जनहित में खर्च करने के स्थान पर खुर्द-बुर्द करने में जुटी है। सुमित श्रीकुंज ने कहा कि भाजपाई घर-घर जाकर प्रदेश सरकार की भ्रष्टा नीतियों से जनता को अवगत कराएगी। उज्ज्वल पंडित ने कहा यदि एक सप्ताह के अंदर निष्पक्ष जांच नहीं होती है तो भाजपा मंडल इस भ्रष्टाचार के खिलाफ अनिश्चितकालीन आंदोलन छेड़ने को बाध्य होगी। प्रदर्शन करने वालों में अनिल पुरी, उज्जवल पंडित, दीपक गोस्वामी, डा. संदीप कपूर, नागेश वर्मा, विनोद अरोड़ा, सन्नी पंवार, आशीष धीमान, बसंत अरोड़ा, आकाश शर्मा, सर्वेश्वर मूर्ति भट्ट, पुष्पेंद्र शर्मा, पीयूष जाटव, शशांक शर्मा, विष्णु अरोड़ा, अमित गोयल, रवि भूटानी, दीप अरोड़ा, निधि कुमार, पंकज मक्कड़, राजव जाटव आदि शामिल रहे।